पत्नी से मिलने पहुंचा पति, ससुराल वालों ने कर दिया हमला, मामला दर्ज किया

थाना डाबा क्षेत्र में पत्नी को वापस लाने पहुंचे एक युवक पर उसके ससुराल पक्ष ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मनप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी जीवनजोत कौर 8 दिसंबर 2025 को घर से सोने के गहने और करीब 1.20 लाख रुपए नकद लेकर बिना बताए चली गई थी। काफी समय बाद 23 फरवरी 2026 को पत्नी का फोन आया, लेकिन वह कॉल नहीं उठा सका। बाद में जब उसने फोन किया तो पत्नी ने बच्ची से मिलवाने के बहाने उसे अपने मायके बुलाया। मनप्रीत के अनुसार, वह अपनी कार से जैसे ही ससुराल की गली में पहुंचा, वहां पहले से उसकी पत्नी जीवनजोत कौर, सास संतोष कुमारी और ससुर ईश्वर सिंह डंडे-लाठियां लेकर खड़े थे। गली की लाइट में उन्हें देखकर वह संभल भी नहीं पाया कि तीनों ने उसकी कार को घेर लिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़ दिए गए और लाठियों से वार किए गए, जिससे मनप्रीत को काफी चोटें आईं। छीना-झपटी के दौरान उसका मोबाइल फोन भी टूट गया। किसी तरह वह मौके से जान बचाकर भागने में सफल रहा। थाना डाबा पुलिस ने मनप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ साजिश रचने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *