थरीके रोड स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में रविवार को आयोजित साप्ताहिक सत्संग एवं नवग्रह शांति महापूजा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अलसुबह श्री स्वामीनारायण भगवान की भव्य मांगलिक महापूजा के साथ हुआ, जिसे पूर्ण शास्त्रीय षोडशोपचार विधि से संपन्न किया गया। इसके उपरांत निष्काम स्वामी, माधव स्वामी, विश्व स्वरूप स्वामी एवं ज्ञानेश्वर स्वामी ने मधुर हरिनाम संकीर्तन की प्रस्तुति दी। भजनों की धुनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मुख्य प्रवचन सत्र में संत नित्य स्वरूप स्वामी ने श्रीहरि के दृढ़ आश्रय की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि जो जीव पूर्ण निष्ठा और श्रद्धा के साथ भगवान की शरण स्वीकार कर लेता है। उसके पिछले जन्मों के सभी प्रारब्ध और कष्ट समाप्त हो जाते हैं। स्वामी ने जोर देकर कहा कि जो अपना सर्वस्व ईश्वर को समर्पित कर देते हैं उन्हें कभी भी कुसंगति या बुरे कर्म लज्जित नहीं कर पाते। इस धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से प्रवीण भार्गव, अनिल चावला, तरुण गोयल, अमरिंदर सिंह, अनिल शर्मा, हरीश शर्मा सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्ति और बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को लंगर एवं प्रसाद वितरित किया गया।


