सरगुजा के 30 बच्चों को हार्ट प्राब्लम, सर्जरी होगी:जिला स्तरीय जांच शिविर में 57 बच्चों की स्क्रीनिंग, रायपुर में होगा इलाज

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत रविवार को मेडिकल कॉलेज की एमसीएच बिल्डिंग में जिला स्तरीय विशेष हृदय रोग जांच (कार्डियक स्क्रीनिंग) शिविर लगा। शिविर में एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर के कॉर्डियोलॉजिस्ट विशेषज्ञों और चिकित्सकीय दल ने बच्चों की विस्तृत जांच की। जांच के बाद 30 बच्चों को हार्ट ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में एमएमआई नारायणा रायपुर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत महरिया, प्रबंधक उपेंद्र शुक्ला, खामेश्वर लहरे और ईको टेक्नीशियन वेदप्रकाश साहू ने 57 बच्चों की स्क्रीनिंग की। इनमें से 30 बच्चों में हृदय रोग के लक्षण पाए गए। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जेके रेलवानी, डॉ. केआर टेकाम, एचओडी डॉ. अविनाशी कुजूर, नोडल आरबीएसके डॉ. केपी विश्वकर्मा और डीईआईसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग गुप्ता भी मौजूद रहे। रायपुर में होगा निशुल्क ऑपरेशन शिविर में 1 साल से 14 साल तक के कुल 172 बच्चों का पंजीयन हुआ। इनमें से 57 बच्चों की सफल हृदय ईको जांच हुई। जांच में 30 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई। चिन्हित बच्चों का निशुल्क सर्जरी उपचार एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर में किया जाएगा। पंजीकृत बाकी बच्चों की जांच अगले शिविर में होगी। शिविर के दौरान जिले के सभी विकासखंडों के चिरायु दल हितग्राहियों के साथ उपस्थित रहे। समय पर पहचान से मिलेगा सुरक्षित भविष्य सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ऐसे विशेष स्वास्थ्य शिविरों के जरिए बच्चों में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर निःशुल्क इलाज सुनिश्चित कर रहे हैं। इस पहल से बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *