बालाघाट में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। वीरांगना महिला समिति ने मोती उद्यान में एक बैठक की। इसमें 8 मार्च को होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। जिला वीरांगना महिला समिति की अध्यक्ष शीला नगपुरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई निर्णय लिए गए। समिति ने तय किया कि कार्यक्रम कमला नेहरू सभागृह में किया जाएगा। इस अवसर पर गीत, संगीत, भाषण और नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। समाज की महिला सरपंचों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा। शीला नगपुरे ने बताया कि यह आयोजन वीरांगना महिला समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा।