जोधपुर में होली के मौके पर बाजार में रंग बिरंगी पिचकारियों और गुलाल को दुकानें सज चुकी है। यहां फागुन के उमड़घुमड़ बादल, रंगों की होली रंग दे दो रे…’ जैसे भजनों की धुन पर जोधपुर के बाजार होली के रंगों से सराबोर हो चुके हैं। घंटाघर से सर्राफा तक दुकानें रंग-बिरंगी पिचकारियों, गुलाल के ढेरों से जगमगा रही हैं, लेकिन इस फाल्गुन में खास तौर पर ठाकुरजी के लिए चमचमाती चांदी की पिचकारियां तैयार की गई है। जिनकी कीमत 21 हजार रुपये तक रखी गई है। ज्वेलरी बाजार के कारीगरों ने भगवान के स्वरूप को होली का आनंद बांटने के लिए स्पेशल पिचकारियां, रंग-भरी बाल्टियां गढ़ी हैं। जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। ज्वेलर घनश्याम सर्राफ ने बताया कि इस बार लोग ठाकुरजी को होली खिलाने के लिए चांदी की पिचकारियों को खूब पसंद कर रहे हैं। इनकी कीमत करीब 21 हजार रुपए है। इन्हें होली को देखते हुए तैयार किया गया है। बता दें कि जोधपुर के ज्वेलरी बाजार में होली का यह ट्रेंड नया नहीं है। पिछले साल भी ठाकुरजी के लिए सोने-चांदी के होली सामान की बिक्री हुई थी, लेकिन इस बार मांग दोगुनी हो गई है। सर्राफा बाजार के व्यापारी अमरपाल सिंह झाबरा ने बताया कि लोग अब धार्मिक भाव से होली मना रहे हैं। मंदिरों में ठाकुरजी को पिचकारी चढ़ाकर भक्त खुद भी रंग खेलते हैं। हमने कोलकाता के कारीगरों से स्पेशल ऑर्डर पर सामान बनवाया है। इसके अलावा बाजार में गुलाल के पैकेट भी चांदी के डिब्बों में पैक हो रहे हैं, जो 2 हजार से शुरू हैं।


