रिटायर्ड RAS को फतेहसिंह मेमोरियल अवॉर्ड:वन्यजीवों की रक्षा करने वालों का हुआ सम्मान, बच्चों ने कबीर वाणी से बताई जिम्मेदारी

सवाई माधोपुर में रणथंभौर नेशनल पार्क के पूर्व फील्ड डायरेक्टर स्वर्गीय फतेह सिंह राठौड़ की स्मृति में रविवार शाम ‘फतेह सिंह राठौड़ मेमोरियल लेक्चर एवं कंजर्वेशन अवॉर्ड’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में वन विभाग के अधिकारी, वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ, पर्यावरण प्रेमी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘टाइगर वॉच’ की ओर से नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हरकिरत सिंह सांगा को मिला फतेहसिंह मेमोरियल अवॉर्ड पक्षियों पर दीर्घकालीन अनुसंधान और संरक्षण कार्य के लिए रिटायर्ड आरएएस अधिकारी हरकिरत सिंह सांगा को फतेहसिंह मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी क्रम में राजू सिंह और मध्यप्रदेश की एंटी-पोचिंग टीम को 50-50 हजार रुपए की सम्मान राशि के साथ अवॉर्ड दिया गया। एसीएफ चेतराम मीणा, चेतन द्विवेदी और अरविंद चोटिया को 25-25 हजार रुपए की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रणथंभौर टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों को भी संरक्षण कार्य में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डीएफओ मानस सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने वन्यजीव संरक्षण और वन संपदा को सुरक्षित रखने की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने कबीर वाणी के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और सन्मार्ग पर चलने का संदेश दिया। समारोह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *