गढ़वा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाएंगे : आशीष

भास्कर न्यूज | गढ़वा रौनियार वैश्य महासभा के तत्वावधान में रविवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गढ़वा शहर के रॉकी मोहल्ला निवासी व्यंकटेश नारायण के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में आशीष कुमार सोनी, वार्ड संख्या 15 के वार्ड पार्षद रीता देवी के पति गोपाल कश्यप तथा वार्ड संख्या 16 के वार्ड पार्षद पारसनाथ कश्यप को माला पहनाकर एवं बुके प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष संजय प्रसाद ने की। जबकि संचालन व्यंकटेश नारायण ने किया। अपने संबोधन में नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने शहर के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि गढ़वा शहर की नदियों की सफाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष रूप से सरस्वती नदी के किनारों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और नदी का अस्तित्व सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि शहर में कचरा प्रबंधन की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके समाधान के लिए नगर परिषद क्षेत्र में एक व्यवस्थित डंपिंग यार्ड का निर्माण कराया जाएगा। इससे कचरे को इधर-उधर फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गढ़वा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।जिसमें आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद अध्यक्ष ने नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता की जीत है और वे सभी के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर महासभा के जिला अध्यक्ष संजय प्रसाद गुप्ता, संयोजक व्यंकटेश नारायण गुप्ता, संरक्षक उपकार गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश प्रसाद गुप्ता, प्रवक्ता संजीव, ओमप्रकाश गुप्ता, जिला युवा अध्यक्ष पप्पू गुप्ता, राष्ट्रीय पूर्व उपाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, विजय प्रसाद गुप्ता, पूर्व जिला सचिव उदय कुमार गुप्ता, संगठन मंत्री दामोदर गुप्ता, बृजेश दुबे, सुनील केसरी, राहुल मोदनवाल, नितेश तिवारी, पवन सोनी, लकी मद्धेशिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *