भास्कर न्यूज | तरनतारन तरनतारन में आईलेट्स टेस्ट पास न कर पाने वाले बेटे को विदेश भेजने की चाहत एक पुलिस कर्मी को भारी पड़ गई। इसी चाहत का फायदा उठाकर एक युवती और उसके परिजनों ने कथित तौर पर 40 लाख रुपए की ठगी मार ली। पुलिस ने जांच करते हुए युवती और उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस लाइन तरनतारन के क्वार्टर में रहने वाले गांव शाहबाजपुर निवासी पुलिस कर्मी मनजिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा रमणीक सिंह 12वीं पास है और विदेश जाना चाहता था। सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती संजमप्रीत कौर से हुई। उसे पता था कि रमणीक विदेश जाना चाहता है लेकिन आईलेट्स में बैंड न आने के कारण नहीं जा पा रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए संजमप्रीत कौर ने अपने पिता जसबीर सिंह और मां कुलदीप कौर के साथ मिलकर साजिश रची और ‘कॉन्ट्रैक्ट मेरिज’ के जरिए रमणीक को विदेश ले जाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद संजमप्रीत कौर ने रमणीक सिंह से कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर ली और विदेश चली गई। विदेश भेजने से लेकर फीस और अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग खातों में करीब 40 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। विदेश से लौटने के बाद संजमप्रीत कौर एक दिन शादी में जाने का कहकर करीब 5 तोले सोने के गहने लेकर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।


