जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के मांडवला गांव में रविवार देर शाम कार और बाइक की टक्कर में 40 साल के माने खान गंभीर रूप से घायल हो गए। कोलर निवासी माने खान मांडवला से बिशनगढ़ की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही इनोवा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें जालोर के सामान्य हॉस्पिटल लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। पीछे से आई इनोवा ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार माने खान पुत्र नेने खान अपनी बाइक से मांडवला से बिशनगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही इनोवा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क किनारे एक बाड़ में जा गिरी। 108 एंबुलेंस ने पहुंचाया हॉस्पिटल घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पायलट पूरण सिंह और ईएमटी दिनेश कुमार ने मौके पर प्राथमिक उपचार दिया और घायल को तुरंत जालोर के सामान्य हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल में ड्यूटी पर तैनात डॉ रमेश चौधरी और नर्सिंग स्टाफ ने जांच के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ लग गई थी।


