सवाई माधोपुर के रणथंभौर स्थित एक होटल में रविवार शाम करंट लगने से कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद सोमवार को गुस्साएं परिजनों ने सड़क पर जाम लगा। मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार खिलचीपुर जनकपुर की ढाणी निवासी हरिकेश मीणा (32) पुत्र प्रहलाद मीणा कुतलपुरा गांव स्थित जंगल बुक होटल में हाउसकीपिंग का कार्य करता था। रविवार शाम वह होटल में बिजली से जुड़ा कार्य कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना होटल प्रबंधन ने पुलिस और परिजनों को दी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क जाम सोमवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। नाराज लोगों ने शेरपुर तिराहे पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया, इसके बाद कुंडेरा-सवाई माधोपुर मार्ग पर हेलीपैड के पास धरने पर बैठ गए। परिजनों ने उचित मुआवजा और होटल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश के प्रयास जारी हैं। परिजन मांग पूरी होने तक धरने पर डटे हुए हैं।


