अलवर के जिला हॉस्पिटल में अब कैंसर जांच की सुविधा भी शुरू हो गई है। हॉस्पिटल में आज एफएनएसी (फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी) ओपीडी जांच रूम का वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को अब कैंसर से जुड़ी प्रारंभिक जांच के लिए बाहर निजी लैब या हॉस्पिटलों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डॉ. संतोष मीण ने बताया कि पहले रोजाना करीब 20 मरीजों को गांठों और बायोप्सी से संबंधित जांच के लिए बाहर भेजा जाता था। निजी हॉस्पिटलों में या लैब में इन जांचों पर 800 से 1000 रुपए तक खर्च आता था। हालांकि उसका खर्च हॉस्पिटल यानि सरकार का ही होता था। अब जिला हॉस्पिटल में ही यह जांच निशुल्क की जाएगी। नई मशीन और ओपीडी जांच रूम की मदद से मरीजों को समय पर और सटीक रिपोर्ट मिल सकेगी। इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो पाएगी और इलाज समय रहते शुरू किया जा सकेगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह कदम अलवर जिले के लिए बड़ी राहत और मजबूती साबित होगा।


