अजमेर में रविवार शाम को जायरीन परिवार ने किराए की बात को लेकर ऑटो ड्राइवर मारपीट कर दी। पुष्कर घूमकर आए जायरीन परिवार के सदस्य ने ऑटो ड्राइवर का पत्थर मारकर सिर फोड़ दिया। जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो जायरीन को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, वैशालीनगर निवासी ऑटो चालक हेमराज कड़क्का चौक स्थित एक होटल से जायरीन परिवार को पुष्कर घुमाने ले गया था। पुष्कर में घूमने के दौरान परिवार के 500 रुपए गुम हो गए। इसके बाद वह उन्हें वापस होटल लेकर आ गया। ऑटो वाले ने 300 रुपए किराया मांगा तो जायरीन परिवार ने पहले किराया देने से मना कर दिया और बाद में 180 रुपए देने की बात कही। किराया मांगने पर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई हेमराज ने पूरा किराया मांगा तो कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद के दौरान एक जायरीन ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार किया। जिसकी सूचना के बाद दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जायरीन सुजाउल्ला और अनवर हुसैन को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया और घायल ऑटो चालक हेमराज का मेडिकल करवाया।


