भास्कर न्यूज | फाजिल्का श्री सनातन धर्म गीता भवन मंदिर में रविवार को राशन वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में 131 परिवारों को राशन वितरित किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि स्वर्गीय देशराज धुडिया परिवार ने गीता भवन मंदिर के राशन वितरण कार्यक्रम में सहयोग देकर पुण्य अर्जित किया। गीता भवन मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष/कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार कुक्कड़ ने बताया कि गीता भवन मंदिर शहर का सबसे प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर में जनसहयोग से औषधालय, सिलाई सेंटर, नित्य गीता पाठ, रोज लंगर व्यवस्था आदि कई वर्षों से सुचारू रूप से चल रहे हैं। राशन वितरण कार्यक्रम की शुरुआत पहले पांच असहाय विधवा परिवारों से हुई थी, जो अब बढ़कर 131 परिवारों तक पहुंच गई है। उपाध्यक्ष जी ने बताया कि गीता भवन मंदिर में 500 से अधिक दानदाता हर माह ₹20 से लेकर ₹500 तक का आर्थिक सहयोग करते हैं। मुख्यातिथि के मंदिर में आगमन पर उनका स्वागत किया और ठाकुर जी की पूजा-अर्चना के बाद उनसे आरती करवाई गई। मंदिर की ओर से मुख्यातिथियों को भगवान जी का श्री विग्रह भेंट किया। भजन गायक मधुसूदन पांडेय ने अपने सुंदर भजनों से श्रद्धालुओं को आनंदित कर दिया। इस कार्यक्रम में अशोक सुखीजा, रमन पाहवा, प्रवेश वडेरा, हरिकिशन भाटिया, सतीश धुडिया, अश्विनी कुमार ग्रोवर, डॉ. धर्मपाल, विजय वडेरा, अशोक नागपाल, हरीश मुंजाल, कंवल ग्रोवर, डॉ. वीरेंद्र जुनेजा, हरिओम कुक्कड़ आदि ने अपना सहयोग दिया।


