हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2026-27 के लिए ₹2,23,658 करोड़ का बजट पेश किया है। यह पिछले वर्ष के ₹2,02,816 करोड़ के मुकाबले करीब ₹20,841 करोड़ ज्यादा है। बजट में सामाजिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभागों पर खास जोर दिया गया है। वर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री सैनी के पास ही सबसे ज्यादा विभाग हैं। वित्त और सामान्य प्रशासन समेत कई प्रमुख मंत्रालय उनके पास होने के कारण सबसे बड़ा बजट भी उनके नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री के पास करीब ₹46,696 करोड़ का प्रावधान है। अन्य सामान्य प्रशासनिक और वित्तीय मदों को जोड़ें तो यह आंकड़ा और बड़ा हो जाता है। इसके बाद कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा के शिक्षा विभाग का बजट ₹25,603 करोड़ रखा गया है, जो सभी विभागों में सबसे बड़ा सेक्टोरल आवंटन है। तीसरे नंबर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष विभाग के लिए ₹14,007 करोड़ का बजट मिला है। यह पिछले साल से करीब ₹2,500 करोड़ अधिक है। विज के ऊर्जा विभाग में सबसे बड़ी कटौती
विज के ऊर्जा विभाग का बजट 8,671 करोड़ रुपये से घटाकर 6,868 करोड़ रुपए कर दिया गया है। यानी करीब 1,803 करोड़ रुपये की कटौती की गई है, जो सभी विभागों में सबसे बड़ी कमी है।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं पुल) का बजट भी 6,096 करोड़ से घटाकर 5,893 करोड़ रुपए किया गया है।


