सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने तरन तारन जिले के सीमावर्ती इलाके से एक पाकिस्तानी युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से हेरोइन के 10 पैकेट बरामद किए गए हैं। आरोपी को आगे की जांच के लिए नारकोटिक्स (NCB) को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई खेमकरण सेक्टर के अंतर्गत चौकी हरभजन क्षेत्र में की गई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय एक व्यक्ति भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। इस दौरान BSF की 142 बटालियन के जवानों ने उसे चुनौती दी और मौके पर ही काबू कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान पाकिस्तान के कसूर जिले के चटनवाल निवासी अबू बकर (20) उर्फ मन्नू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन के 10 पैकेट बरामद किए गए। हालांकि, इस संबंध में BSF की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वह किस नेटवर्क के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के इरादे से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था।


