पंजाब के फाजिल्का में गौशाला रोड स्थित पीएनबी बैंक शाखा में पैसे निकलवाने आए एक व्यक्ति के बैग को ब्लेड से काटकर नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वारदात को दो शातिर महिलाओं ने अंजाम दिया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जानकारी देते हुए फाजिल्का थाना सिटी के पुलिस अधिकारी सरवन सिंह ने बताया कि गौशाला रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बैंक में पैसे निकालने आए एक व्यक्ति के बैग को ब्लेड से काटकर करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अधिकारी सरवन सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।


