कबीरधाम के थाना कुकदूर क्षेत्र में हाल के दिनों में तीन अलग-अलग जगहों पर लूट की घटनाएं हुई थीं। इनमें राह चलते लोगों को धमकाकर उनका पैसा, मोबाइल और मोटर साइकिल लूट लिया गया। शुरुआत में पीड़ित डर के कारण पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन कुकदूर पुलिस ने उन्हें समझाया और भरोसा दिलाया। इसके बाद पीड़ितों ने हिम्मत दिखाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल व अमित पटेल, एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनश्री और थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने इलाके में लगातार दबिश दी, संदिग्धों पर नजर रखी और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पहली घटना 7 फरवरी को हुई थी, जिसमें कबराटोला के एक वाहन चालक से 5000 रुपए लूटे गए। दूसरी घटना 26 फरवरी की थी, जिसमें सिंगपुर के युवक से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट ली गई और मोटर साइकिल की चाबी भी ले ली गई। तीसरी घटना 19 फरवरी की थी, जिसमें छिन्दीडीह के युवक को बहला-फुसला कर मोटर साइकिल लूट ली गई। पुलिस ने कुल 6 आरोपियों की पहचान की, जिनमें एक नाबालिक शामिल है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने तीनों घटनाओं में लूटा गया सामान पुलिस को बताकर बरामद कराया। इसमें नगद, मोबाइल और मोटर साइकिल शामिल हैं। कुकदूर पुलिस ने इस कार्रवाई में सतर्कता, मेहनत और पेशेवर रवैये का प्रदर्शन किया। क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध की घटना होने पर डरें नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है और अपराध करने वालों का अंत जेल में ही होगा।


