भिलाई के सिविक सेंटर में कार से खतरनाक स्टंट:वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने युवक को पकड़ा, कान पकड़कर मंगवाई माफी

भिलाई के सिविक सेंटर में रविवार को एक कार चालक ने बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर लोगों को काफी देर तक परेशान किया। यह मामला भिलाई के सिविक सेंटर का है। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्विफ्ट कार चालक सिविक सेंटर की भीड़भाड़ वाली सड़क पर गोल-गोल गाड़ी घुमा रहा था और तेज रफ्तार में स्टंट कर रहा था। उस समय वहां काफी लोग मौजूद थे। अचानक हो रही इस हरकत से लोग डर गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पहले देखिए ये तस्वीरें… सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को पहुंचाया नुकसान
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टंट के दौरान कार ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारी, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। जब लोगों ने वीडियो बनाना शुरू किया तो चालक कार को तेज रफ्तार में भगाकर मौके से निकल गया। कार का नंबर CG 08 AN 3288 है और यह राजनांदगांव पासिंग है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद भिलाई नगर थाना की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने कार चालक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। कार को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने युवक से कान पकड़कर माफी भी मंगवाई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और जिन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, उनके मालिकों से भी जानकारी ली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *