छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक से अस्पताल में नौकरी लगाने के नाम पर एक लाख रुपए की ठगी की गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम सुर्री के रहने वाला विष्णुचरण कुर्रे (28 साल) की भांजी किरण बघेल जिला चिकित्सालय बिलासपुर में स्टाफ नर्स के पद पर पदस्थ है। विष्णुचरण अक्सर अपनी नौकरी के लिए अपनी भांजी से चर्चा करता था। इसी दौरान उसकी भांजी ने बताया कि उसके साथ काम करने वाली मंजू पाटले की मंत्रालय में अच्छी जान-पहचान है। उससे बात की जाए तो काम बन जाएगा। इसके बाद नौकरी लगाने के नाम पर 1 लाख रूपए की डिमांड विष्णुचरण से की गई। विष्णुचरण ने अपनी भांजी की बातों में आकर उसकी सहकर्मी मंजू पाटले के खाते में एक लाख रूपए फोन पे पर ट्रांसफर कर दिए। साल भर बाद भी नहीं मिली नौकरी
पैसे देने के कई माह तक मंजू नौकरी लगवा देने की बात कहते रही। लेकिन साल भर का समय बीत जाने के बाद भी मंजू ने उसकी नौकरी नहीं लगवाई। जिसके बाद विष्णुचरण को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुसौर थाना पहुंचकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराया है। आरोपी की पतासाजी की जा रही है
इस संबंध में पुसौर थाना प्रभारी कुंदन लाल गौर ने बताया कि युवक को सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर महिला ने ठगी की है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध कायम किया गया है। मामले में जांच करते हुए पुलिस आरोपी की पतासाजी कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


