सूरतगढ़ सर्किल के राजियासर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को सवा किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रोही भोपालपुरा क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रकरण की जांच कर रहे सिटी थाना के सब इंस्पेक्टर नगेंद्र सिंह ने सोमवार शाम को जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई राजियासर थानाधिकारी कलावती चौधरी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल चरण सिंह, कांस्टेबल पतराम और विनोद शामिल थे। टीम जब भोपालपुरा रोही क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.256 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रामकृष्ण उर्फ लाला (52) पुत्र मामराज बिश्नोई, निवासी भोपालपुरा, थाना राजियासर के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया। थानाधिकारी द्वारा आगे की जांच सिटी थाना के एसआई नगेंद्र सिंह को सौंपी गई है। एसआई ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।


