बालोतरा जिले की सिणधरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी मामले में 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते एक साल से फरारी काट रहा था। पुलिस ने ट्रक में से 261 किलोग्राम डोडा-पोस्त जब्त किए थे। अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2024 को तत्कालीन थानाधिकारी मय पुलिस जाब्ते ने ट्रक ड्राइवर मानाराम पुत्र घमंडाराम निवासी दाखा सिणधरी को डिटेन किया था। उसकी निशानदेही पर ट्रक में झारखंड से परिवहन कर लाए कुल 261 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किए थे। आरोपी मानाराम को गिरफ्तार किया था। सिणधरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की गई। डीएसटी प्रभारी इमरान खान ने बताया- डोडा-पोस्त तस्करी में आरोपी मानाराम के साथ शामिल तस्कर सोनाराम, वीरू उर्फ वीरेंद्र, हेमरत्न उर्फ हेमाराम, हुकमाराम, धन्नाराम, जगदीश, भंवरलाल की तलाश की गई। लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी के भय से फरार हो गए। इस पर मामले में वांटेड आरोपी सोनाराम सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5000-5000 रुपए के इनाम घोषित किया गया। स्पेशल टीमें बनाई गई। टीम ने मुकदमे में वांटेड आरोपी भंवरलाल पुत्र आदूराम निवासी नया भूरटिया नागाणा बाड़मेर को डिटेन कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। फिलहाल पुलिस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास कर रही है। कार्रवाई में डीएसटी कॉन्स्टेबल उदयसिंह, धन्नाराम, धमेंद्र सिंह, नगाराम, मुकेश कुमार, सिवाना डिप्टी आफिस का कॉन्स्टेबल नारायणराम शामिल रहे।


