बिलासपुर में भाजपा संगठन, जिलाध्यक्ष और मेयर की तरह निगम सभापति के लिए भी विधायक अमर अग्रवाल की पसंद को तवज्जो दी जाएगी। सभापति के लिए उनके करीबी और वार्ड 30 मुन्नू लाल शुक्ल नगर के पार्षद विनोद सोनी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। सोमवार को पर्यवेक्षक राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय रायशुमारी के लिए आएंगे। जिसके बाद नाम की घोषणा की जाएगी। सभापति तय होने के बाद एमआईसी का भी गठन किया जाएगा। इसके लिए 16 पार्षदों के नाम पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, भाजपा संगठन के पदाधिकारी विनोद सोनी के नाम को सीनियर पार्षद के रूप में आगे कर रहे हैं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि वो पूर्व में कार्यवाहक मेयर भी रह चुके हैं। इसलिए उनके कामकाज का अनुभव बेहतर है। वहीं, दूसरी तरफ सभापति के लिए पार्षद विनोद सोनी के साथ ही विजय ताम्रकार, बंधू मौर्य और तिलक साहू के नाम भी चर्चा है। लेकिन, अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है। सभापति का नाम फाइनल भाजपा संगठन का दावा है कि सभापति के लिए सहमति बन चुकी है केवल, औपचारिक घोषणा होना बाकी है। नाम न बताने की शर्त पर संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारी ने कहा कि जिस तरह से भाजपा जिलाध्यक्ष और मेयर का नाम फाइनल हुआ है, वैसे ही सभापति के लिए भी केवल एक नाम तय किया गया है, जिसे शहर विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने तय किया है। पार्टी की औपचारिकता पूरी करने के लिए पर्यवेक्षक राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय सोमवार की शाम 4 बजे भाजपा कार्यालय में पार्षदों से चर्चा कर उनकी भी सहमति लेंगे। इसके बाद सभापति के नाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी इशारा किया कि सभापति का नाम भी अरपापार के बजाए इस पार शहर के सीनियर और करीबी पार्षद को तय किया गया है। चारों विधायकों की सहमति से तय होंगे एमआईसी सदस्य सभापति के बाद एमआईसी का गठन किया जाएगा। इसके लिए शहर विधायक अमर अग्रवाल के साथ ही बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला से भी सहमति ली जाएगी। माना जा रहा है कि एमआईसी के लिए बंधू मौर्य, तिलक साहू, विजय ताम्रकार, श्याम साहू, रेखा ओमप्रकाश पांडेय, रूपाली गुप्ता, प्रकाश यादव, सीमा संजय सिंह, अंजनी बबलू कश्यप, मधुबाला टंडन, गणेश रजक, लक्ष्मी यादव, रेखा सूर्यवंशी, राजेश दुसेजा, दिलीप कोरी, कुसुम महाबली कोसले के नाम पर रायशुमारी चल रही है। होली के बाद हो सकती है पहली सामान्य सभा कहा जा रहा है कि सामान्य सभा के पहले कलेक्टर मेयर, सभापति और पार्षदों का पहला सम्मेलन बुलाएंगे। हालांकि, यह परिचयात्मक होगा। कहा जा है कि होली से पहले एमआईसी का भी गठन हो जाएगा। जिसके बाद सामान्य सभा की बैठक होगी, जिसमें बजट सत्र होगा।


