धर्मकोट के पास आज दोपहर एक चलती ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। आग लगने से कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि, कार में सवार लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनप्रीत सिंह कैला अपने मित्र गगनदीप सिंह के साथ मोगा अपने भाई इंद्रजीत सिंह को छोड़ने गए थे। उनके भाई मोगा के एक बैंक में कार्यरत हैं। इंद्रजीत सिंह को छोड़ने के बाद दोनों अपनी ऑल्टो कार से धर्मकोट लौट रहे थे। जब वे धर्मकोट के समीप पहुंचे तो कार से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए दोनों तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। कुछ ही क्षणों में कार आग की लपटों में घिर गई। मनप्रीत सिंह ने दमकल विभाग को सूचना दी। नगर काउंसिल धर्मकोट के फायर ब्रिगेड इंस्पेक्टर देवी दयाल टीम सहित पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।


