खैरागढ़ जिले के ईटार गांव में सोमवार दोपहर साल्हेवारा बांध में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे में उनका एक साथी बाल-बाल बच गया। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय तनिश डहारे और 12 वर्षीय समीर सोनवानी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ईटार निवासी तनिश, समीर और 13 वर्षीय कुलेश्वर सोनवानी सोमवार दोपहर बरबसपुर स्थित आटा चक्की में चावल पिसाने गए थे। काम निपटाने के बाद तीनों बच्चे तेज धूप और गर्मी से राहत पाने के लिए पास के साल्हेवारा बांध में नहाने चले गए। उन्हें बांध की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाते समय तनिश और समीर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद कुलेश्वर भी गहराई में खिंच गया था, लेकिन किनारे पर उगी बेशरम की झाड़ियों में उसका पैर उलझ गया। इन झाड़ियों के सहारे वह किसी तरह पानी से बाहर निकलने में सफल रहा। हादसे के बाद देखिए तस्वीरें कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया घबराया हुआ कुलेश्वर गांव की ओर भागा और मदद के लिए चिल्लाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत बांध की ओर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर गातापार पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल एक ही गांव के दो मासूमों की असमय मौत से ईटार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर जलाशयों की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को बांधों और गहरे जलाशयों के पास अकेले न जाने दें।


