लुधियाना के जगराओं में सोमवार को साइंस कॉलेज के पास एक खाली प्लॉट में बने छोटे कमरे में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक के हाथ में नशे का टीका लगा हुआ था। स्थानीय पार्षद रमेश कुमार मेषी ने बताया कि यह उनके क्षेत्र में नशे से होने वाली चौथी मौत है। उन्होंने कहा कि मृतक उनके क्षेत्र का नहीं लगता है। पुलिस जांच में पता चलेगा कि युवक जहां कैसे पहुंचा। पार्षद रमेश कुमार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ नशा करने वालों को पकड़कर जेल भेज रही है, जबकि बड़े नशा तस्कर खुलेआम काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने से कुछ नहीं होगा। पहले बड़े तस्करों को पकड़ना होगा और फिर नशे में फंसे युवाओं का उचित इलाज कराना होगा। घर घर ली गई तलाशी में कुछ नहीं मिला दो दिन पहले ही पुलिस ने कासो ऑपरेशन के तहत इस इलाके में छापेमारी की थी। साइंस कॉलेज के पास गांधी नगर में घर-घर तलाशी ली गई। लेकिन पुलिस को कुछ नहीं मिला। इस युवक की मौत ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षद का यह भी आरोप है कि पुलिस नशे के खिलाफ मुद्दा उठने के बाद पार्षदों और सरपंचों के साथ बैठक करती है। उनसे नशा तस्करों की जानकारी मांगती है, जबकि पुलिस को खुद पता है कि कौन नशा बेचता है और कौन करता है। क्योकि पुलिस खुद ही तस्करों की लिस्टें उन्हें उपलब्ध करवाती है कि यह व्यक्ति नशे का कारोबार करता है इस पर इतने पर्चें हैं।


