धनबाद के भिस्ती पाड़ा में प्राइवेट प्ले स्कूल की तर्ज पर विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का डीसी माधवी मिश्रा ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों की उपस्थिति और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। टेरी (द एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टिट्यूट) ने निप्पान लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के सहयोग से इस केंद्र को विकसित किया है। डीसी ने बताया कि केंद्र के मॉडल बनने के बाद बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि हुई है। अभिभावक भी अपने बच्चों को यहां भेजने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। खेल के लिए भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं जिला प्रशासन अब अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों को भी आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए समाज कल्याण विभाग को सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल के लिए भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। केंद्र की दीवारों पर की गई पेंटिंग के माध्यम से बच्चे खेल-खेल में बुनियादी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।


