टोंक के समरावता गांव में हुए बवाल को लेकर जेल में बंद नरेश मीणा समेत अन्य लोगों को रिहा करने की मांग को लेकर सरपंच संघ जिला अध्यक्ष मुकेश मीणा ने सरकार और प्रशासन को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि जेल में बंद नरेश मीणा समेत अन्य लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो राजस्थान में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। इसमें राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत देशभर से करीब एक लाख लोग आएंगे। 29 को होगी महापंचायत
सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि आंदोलन की रुपरेखा बनाने को लेकर 29 दिसंबर को राजस्थान में महापंचायत होगी। इसकी जगह अभी तय नहीं की हैं। इसको लेकर लोगों से राय ली जा रही है। जल्द जगह का नाम तय हो जाएगा।
मीणा ने बताया कि टोंक में महापंचायत होगी तो हाईवे जाम से लेकर कलेक्ट्रेट तक घेराव करेंगे। वहीं जयपुर में महापंचायत हुई तो सीएम आवास का भी घेराव कर सकते हैं। ‘आर-पार की लड़ाई होगी‘
मुकेश मीणा ने कहा कि हमारे पास खोने को कुछ नहीं बचा है। जल्द नरेश मीणा और अन्य लोगों को रिहा करे और मालपुरा एसडीएम अमित चौधरी समेत दोषी अधिकारियों को गिरफ्तार करे, अन्यथा समरावता कांड को दोहराया जाएगा। आर-पार की लड़ाई होगी। सर्वसमाज एकजुट होकर सड़कों पर आंदोलन करेगा। कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल से आंदोलन को लेकर की चर्चा
सरपंच संघ जिलाध्यक्ष मुकेश मीणा ने नरेश मीणा समेत समरावता प्रकरण में जेल में बंद अन्य लोगों को जल्द छोड़ने की मांग सरकार से की है। साथ ही दोषी अधिकारियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। नरेश मीणा समेत अन्य नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर 29 दिसंबर को होने वाली महापंचायत और उसके बाद किए जाने वाले आंदोलन को लेकर मुकेश मीणा ने कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल से चर्चा की। दरअसल मंगलवार शाम को प्रहलाद गुंजल जयपुर जा रहे थे। इस दौरान टोंक फॉरलेन बाईपास के पास एक होटल में रुके, जहां करीब एक घंटा प्रहलाद गुंजल और मुकेश मीणा ने चर्चा की। प्रहलाद गुंजल ने उनसे मिलने आए समर्थकों से भी बातचीत की।


