टीवीएस मोटर्स ने आज (3 मार्च) भारत में अपना सबसे पॉपुलर स्कूटर जुपिटर 110 का अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने स्कूटर को OBD-2B एमिशन नॉर्म्स के अनुसार अपडेट किया है। कंपनी अपने टू-व्हीलर पोर्टफोलियो के बाकी मॉडल्स को भी इस महीने के अंत तक अपडेट करेगी। ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए एमिशन नॉर्म्स के अनुसार अपनी गाड़ियों को अपडेट करने के लिए डेडलाइन एक अप्रैल है। स्कूटर 4 वैरिएंट और 6 कलर ऑप्शन के साथ अवेलेबल है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 79,291 रुपए रखी गई है। नया जुपिटर न्यू जनरेशन इंजन, नए डिजाइन और पहले से ज्यादा फीचर के साथ आता है। इसमें इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल, ऑटो-कट टर्न इंडिकेटर, डिस्टेंस टू एम्प्टी, वॉइस कमांड्स, हैजर्ड लैंप और फॉलो-मी हेडलैंप जैसे फीचर मिलते हैं। TVS ने जुपिटर 110 स्कूटर को 11 साल पहले लॉन्च किया था। इसके बाद इसका फेसलिफ्ट मॉडल पिछले साल अगस्त में लॉन्च किया था। अब तक इसकी 65 लाख यूनिट बिक चुकी हैं। भारत में इसका मुकाबला होंडा एक्टिवा से है।


