नागौर में एसपी बोले- माहौल बिगाड़ा तो कार्रवाई होगी:कलेक्टर ने कहा- मार्च त्योहारों का संगम, सामुदायिक कनेक्शन न काटे

नागौर में आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला कलेक्टर चंपालाल जीनगर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मार्च का महीना सभी धर्मों के त्योहारों का संगम है। इसलिए जिलेवासी होली, धुलण्डी, रमजान, नवरात्रि और ईदुलफितर जैसे पर्वों को आपसी भाईचारे और खुशी के साथ मनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। कनेक्शन न काटने के निर्देश प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान पेयजल और बिजली की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। डिस्कॉम को निर्देश दिए गए कि मार्च महीने के बकाया के चलते फिलहाल कम्युनिटी कनेक्शन न काटे जाएं और शहर की रोड लाइटें दुरुस्त रखी जाएं। वहीं, नगर परिषद को सफाई व्यवस्था सुधारने और बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए सात दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। माहौल बिगाड़ा तो होगी कार्रवाई ​बैठक में मौजूद जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि धार्मिक या जातिवादी वैमनस्य बढ़ाने वाली पोस्ट साझा न करें। एसपी ने बताया कि साइबर टीम सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने नागरिकों को ‘राजकॉप सिटिजन एप’ डाउनलोड करने की सलाह दी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच सके। इसके साथ ही उन्होंने नशे के विरुद्ध जारी ‘नीलकंठ अभियान’ में जनता से सहयोग मांगा और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की अपील की। CCTV लगाने की मांग ​बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और सीएलजी सदस्यों ने भी शहर की समस्याओं और सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। भाजपा कार्यकर्ता नृत्य गोपाल मित्तल ने चोरी की वारदातों को रोकने के लिए मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की, जबकि जावेद गौरी ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार का सुझाव दिया। पूर्व प्रधान रिद्धकरण लोमरोड़ ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर नियंत्रण और बेटियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही। बैठक में एएसपी आशाराम चौधरी और एसडीएम गोविंद सिंह भींचर ने भी अधिकारियों और जनसेवकों से अपराधियों को पकड़ने और व्यवस्थाएं सुधारने में सहयोग की अपील की। अंत में कलक्टर ने सभी सुझावों पर गौर करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और सभी से शालीनता के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *