गुना में रविवार को दुल्हन को किडनैप करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। मुख्य आरोपी आकाश अपने एक साथी के साथ फरार है। इस मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि इसके पहले भी लड़की का दो बार अपहरण हो चुका है। दो साल में तीसरी बार लड़की अगवा हुई है। इधर, दुल्हन ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि ये लोग जबरन उसे लेकर गए थे। उसकी इसमें कोई सहमति नहीं थी। लड़की ने किसी को भी पहले से जानने से इनकार किया है। जबकि दूल्हे विक्रम का कहना था कि दुल्हन ने वारदात के दौरान कहा था- आकाश इसे मत मारो। आरोपी दुल्हन का अपहरण करने इंदौर से आए थे। गाड़ी भी इंदौर पासिंग ही थी, जो किराए से ली गई थी। इस गाड़ी में GPS लगा होने के कारण ही आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में आ गए। हालांकि, अभी मुख्य आरोपी आकाश समेत एक बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना के दौरान दुल्हन आकाश जाटव का नाम भी ले रही थी। पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए पांचों आरोपी आकाश के कहने पर ही उसके साथ आए थे। अपहरण क्यों किया गया, इसकी साफ वजह अब तक सामने नहीं आई है। कल विदाई के बाद रास्ते में हुआ अपहरण
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के पच्चीपल्या के रहने वाले विक्रम नायक (23) की शादी अशोकनगर की युवती से हुई थी। शनिवार को राजस्थान से बारात आई थी। उसी रात शादी की रस्में हुईं। विदाई के बाद रविवार सुबह दुल्हन की विदाई कराकर वह अशोकनगर से राजस्थान के लिए कार से निकला। करीब 10:30 बजे वह नेशनल हाईवे 46 पर गुना जिले के रूठियाई इलाके में पहुंचे। यहां एक स्कॉर्पियो कार उनकी कार के सामने आकर अचानक रुकी। उसमें से कुछ लोग उतरे। उन्होंने चाकू से गाड़ी की खिड़की के कांच तोड़ दिए। इसके बाद दूल्हे को नीचे उतारा और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दुल्हन को अपनी कार में बैठाकर भाग निकले। बदमाश कार के चारों टायर चाकू से पंक्चर भी कर गए। पुलिस को गाड़ी में लगे GPS से मिला सुराग
वारदात के बाद रूठियाई चौकी पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सबसे पहले गाड़ी नंबर से गाड़ी मालिक की जानकारी निकाली। गाड़ी इंदौर की निकली। पुलिस ने गाड़ी मालिक से बात की, तो पता चला कि स्कॉर्पियो में GPS लगा हुआ है। इसी एक क्लू के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और बदमाशों का पीछा शुरू किया। वाहन मालिक पुलिस को गाड़ी की लोकेशन देता जा रहा था। आरोपियों को 250 किमी दूर जाकर पकड़ा
SP संजीव कुमार सिन्हा ने राघौगढ़ SDOP दीपा डुडवे की अगुवाई में 3 टीमें बनाई। तीनों ही टीमें बदमाशों के पीछे लगी हुईं थी। बदमाशों को पता चल चुका था कि पुलिस उनके पीछे लगी है। साथ ही यह भी समझ आ गया था कि GPS से गाड़ी की लोकेशन ट्रेस हो रही है। वह इंदौर रोड पर भागते हुए देवास तक पहुंच गए। इसके बाद भोपाल रोड पर गाड़ी छोड़कर पैदल ही भाग गए। पुलिस वहां पहुंची, तो गाड़ी खाली मिली। इसके बाद पुलिस ने आगे के रास्तों पर सर्चिंग की और घेराबंदी कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। उनके साथ दुल्हन भी थी। दो बदमाश भागने में कामयाब हो गए। चार इंदौर, एक देवास का बदमाश शामिल
पुलिस ने जिन पांच बदमाशों को पकड़ा है, उनमें से चार इंदौर और एक देवास का है। सभी की उम्र 25 साल से कम है। पुलिस ने अभिषेक जाटव (23), निवासी बजरंग मोहल्ला वार्ड नंबर 9 थाना खातेगांव जिला देवास), रोहित कदम (22) निवासी शिवनगर मुसाखेड़ी, संजय भाबर उर्फ बाबू (24) निवासी शिवनगर थाना आजाद नगर, तुषार अहिरवार (19) निवासी शिवनगर और नीरज निहाले (22) निवासी सांवरिया धाम मंदिर के पास थाना आजाद नगर इंदौर को पकड़ा है। दुल्हन जिस आकाश का नाम ले रही थी, वह अपने एक और साथी राजा के साथ फरार है। शादी से पहले दो बार हो चुका था अपहरण
अपहरण का यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। लड़की का दो साल में तीसरी बार अपहरण हुआ है। शादी से पहले भी दो बार उसका अपहरण हो चुका था। 20 जून 2023 को जब वह नाबालिग थी, उसके पिता ने अपहरण का केस दर्ज कराया था। अशोकनगर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे इंदौर से बरामद किया था। उस केस में इंदौर के अज्जू उर्फ भय्यू उर्फ अभिषेक जाटव, राजा, विशाल और आकाश अहिरवार के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। वहीं, 2023 में ही इससे पहले भी इन लोगों ने अपहरण किया था। किराए से कमरा लेकर इंदौर में पढ़ती थी
दुल्हन की उम्र 18 साल है। उसकी दादी ने बताया कि कुछ समय पहले वह इंदौर में पढ़ती थी। वहीं पर किराए से कमरा लेकर रहती थी। जो आरोपी पकड़े गए हैं, वो भी इंदौर के ही रहने वाले हैं। ये माना जा रहा है कि शायद वहीं से लड़की की इनमें से किसी से पहचान हुई हो। दुल्हन उनमें से एक का नाम बार-बार ले रही थी। वह बोल रही थी कि आकाश इन्हें मत मारो। संभवतः उसी से दुल्हन की पहचान थी। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है। लड़की की दादी बोली- दूल्हे को चाकू लगाया
दूल्हे की गाड़ी में दुल्हन, दुल्हन की दादी, मौसी और ड्राइवर थे। दुल्हन की दादी ने बताया कि हम लोग गाड़ी से जा रहे थे। जंगल में उन्होंने पीछे से गाड़ी लगा दी। हमने कहा कि यहां मत रोको, जंगल है। पता नहीं कौन दुश्मन होगा। इसके कुछ आगे आकर उन्होंने सामने गाड़ी लगा दी। गाड़ी के कांच फोड़ दिए। दूल्हे को उन्होंने चाकू लगा दिया। मुझे भी चाकू लगाया। दुल्हन को उठाकर दूसरी गाड़ी में बिठा लिया और भाग गए। राघौगढ़ SDOP दीपा डुडवे ने बताया- मामले में पांच आरोपियों को पुलिस ने देवास से पकड़ लिया है। पुलिस रविवार रात उन्हें लेकर गुना पहुंची है। उनसे पूछताछ की जा रही है। ये भी पढ़ें…
गुना में नेशनल हाईवे से दुल्हन किडनैप, दूल्हे से मारपीट गुना में रविवार को दिनदहाड़े एक दुल्हन का अपहरण हो गया। इस दौरान दूल्हे से मारपीट भी की। दूल्हा, दुल्हन को लेकर अशोकनगर से राजस्थान के सवाई माधोपुर जा रहा था। इसी दौरान रूठियाई के पास उनकी गाड़ी रुकवाकर कुछ लोगों ने दुल्हन को अगवा कर लिया। पूरी खबर पढ़ें…


