भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखण्ड सरकार पंचायती राज विभाग की आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण में सदर प्रखंड के बजटो और बिरनी प्रखंड की शाखबारा पंचायत का चयन किया गया है। जिसमें चयनित पंचायत के मुखिया भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण भारतीय प्रबंध संस्थान बोधगया में सुनिश्चित किया गया है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए राज्यों की सहायता करना है। ताकि चुने गए प्रतिनिधि सौंपे गए कार्यों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से निष्पादित कर सकें। इस संदर्भ में बजटो मुखिया अनिता वर्मा ने बताया कि 3-7 मार्च तक बोधगया मे आयोजित मैनेजमेंट डेवल्पमेंट प्रोग्राम प्रशिक्षण से सरकार की दी गई योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण शासन के लिए संस्थाओं की क्षमताओं को मजबूत करना है। ताकि स्थानीय विकास आवश्यकता के प्रति अधिक संवेदनशील बन सकें। प्रशिक्षण में राज्य भर के 66 मुखिया शामिल होंगे।


