सिमडेगा | कोलेबिरा प्रखंड के लचरागढ़ में सोमवार को किसानों की वार्षिक आमसभा सहभागिता और सामुदायिक एकजुटता के साथ सम्पन्न हुई। इसमें 1400 से अधिक लोग, ग्रामसभा प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह किसान, वनाश्रित समुदायों, विशेषकर आदिवासी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से कार्य कर रही है। संस्था साल बीज, चिरौंजी, करंज सहित विभिन्न लघु वन उपजों के संग्रह, प्रसंस्करण और विपणन के माध्यम से स्थानीय समुदायों को संगठित बाजार से जोड़ने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि कंपनी द्वारा साल बीज पर रॉयल्टी देकर ग्रामसभाओं को सशक्त बनाने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जब खरीदार कंपनियां सीधे जुड़ रही हैं, तो वन उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा और ग्रामसभाएं आर्थिक रूप से और मजबूत बनेंगी। वार्षिक आमसभा में पिछले वित्तीय वर्ष की गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी वर्ष के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की गई और उत्पादन, विपणन तथा सामुदायिक सशक्तिकरण से जुड़े नए लक्ष्य तय किए गए। कार्यक्रम के दौरान शेयर प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शेयरधारकों को सम्मानित किया गया। इससे शेयरधारकों को सीधे बाजार से जुड़ने और अपनी वन उपज का बेहतर मूल्य मिलने का भरोसा मिला। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, जिप अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, अजय टोप्पो, जिला परिषद सदस्य प्रदीप टोप्पो, संयुक्त आदिवासी मोर्चा अजीत कन्डुलना, सांसद प्रतिनिधि, साथ ही सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों में आईएसबी से ऑगस्टिना, चंद्रकांता, सुनीता, सुदामा, असरफ, विनोद एवं आशीष तथा आईसीएफजी से कुंदन कुमार और सूर्यमनी सहित विभिन्न ग्रामसभाओं के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित रहे। बीते कार्यों की समीक्षा, नए लक्ष्यों का निर्धारण


