भास्कर न्यूज । सिमडेगा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। जिला परिषद द्वारा कुल 2 करोड़ 62 लाख 13 हजार 678 रुपए की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं के तहत स्वास्थ्य, बाजार और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी परियोजना पाकरटांड़ प्रखंड में प्रस्तावित है,जहां लगभग 1 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इस केंद्र के बन जाने से आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।इसी क्रम में सिमडेगा प्रखंड के सेवई में 49 लाख 49 हजार 91 रुपए की लागत से बीपीएचयू का निर्माण किया जाएगा।इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। जिला परिषद कार्यालय, सिमडेगा। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। कोलेबिरा तहसील कचहरी के समीप 20 लाख 2 हजार 393 रुपए की लागत से मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। वहीं बानो प्रखंड के जमतई पंचायत अंतर्गत हुरदा में 24 लाख 77 हजार 79 रुपए की लागत से नए मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इन बाजार परिसरों से स्थानीय व्यापारियों को स्थायी जगह मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कुरडेग प्रखंड के खालीजोर बस्ती से झोराटोली तक 24 लाख 86 हजार 115 रुपए की लागत से पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। इधर, बता दे मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से स्थानीय व्यवसायियों को अपने उत्पादों को बेचने के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म मिलता है। मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। ग्रामीण क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ती है, जिससे स्थानीय किसानों और व्यवसायियों को फायदा होता है। मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने से ग्रामीण क्षेत्र में निवेश बढ़ता है, जिससे वहां के लोगों को आर्थिक लाभ होता है। कोलेबिरा प्रखंड में मार्केट कॉम्प्लेक्स बनेगा


