धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में जिला अस्पताल के बाहर लगी अस्थाई दुकानों में असामाजिक तत्वों ने देर रात को तोड़फोड़ कर दी। दुकानों में हुई तोड़फोड़ से दुकानदारों को हजारों रुपए के सामान का नुकसान हुआ हैं। दुकानदारों ने दुकानों में हुई तोड़फोड़ को लेकर पुलिस को भी सूचना दी है। बाड़ी रोड स्थित जिला अस्पताल के बाहर हुई तोड़फोड़ को लेकर पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि रात को वह अपनी अपनी दुकानों को बंद करके घर चले गए थे। सुबह के पहर जब दुकानदार वापस अपनी दुकानों पर आए, तो उन्हें उनकी अस्थाई दुकाने तहस-नहस मिली। दुकानदारों ने बताया कि रात के वक्त असामाजिक तत्वों ने अस्पताल के बाहर जमकर उत्पात मचाया है। जिन्होंने भारत राजपूत पुत्र भगवान सिंह, रामदास पुत्र कप्तान सिंह, राहुल पुत्र रामराज और तुलसा पत्नी हुकम सिंह की दुकान में तोड़फोड़ की हैं। तोड़फोड़ करने के साथ ही असामाजिक तत्व दुकानों में रखे सामान को भी चुरा कर ले गए। सुबह अस्पताल पहुंचे दुकानदारों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। दुकानदारों के मुताबिक चोर उनकी दुकान में रखें सामान के साथ गैस सिलेंडर भी चुरा ले गए। दुकानों में हुई तोड़फोड़ की वजह से हजारों रुपए का नुकसान आंका जा रहा है।


