जमशेदपुर| जेएससीए के तत्वावधान में चल रहे जमशेदपुर बी डिवीजन लीग क्रिकेट में सोमवार को टेल्को ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में फ्रेंड्स इलेवन ने एआर इलेवन को 29 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंड्स इलेवन की टीम ने 39 ओवर में 220 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से बिपुल कुमार महतो ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 94 रन की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए। शिव कुमार मुर्मू ने 21 गेंदों पर 20 रन (3 चौके) का योगदान दिया। एआर इलेवन की ओर से आदित्य राज सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 1 मेडन के साथ 28 रन देकर 3 विकेट झटके। दिव्यम ने भी 7 ओवर में 44 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एआर इलेवन की टीम निर्धारित 45 ओवर में 7 विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जितेंद्र सिंह ने 91 गेंदों पर 67 रन (12 चौके) की संघर्षपूर्ण पारी खेली। दिव्यम ने 33 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था। फ्रेंड्स इलेवन की ओर से अमित चौबे ने 9 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि शिव करण मुर्मू ने 8 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ फ्रेंड्स इलेवन ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।


