अस्पतालों का फर्जी अपॉइंटमेंट फाइल भेज ठगनेवाले गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | गिरिडीह गांडेय थाना क्षेत्र के तेलखारी जंगल में साइबर अपराध करते हुए पुलिस ने सोमवार को दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में भंडारकुंडा निवासी मो. शाहिद फरीदी (20) और मो. शमशाद अंसारी (19) हैं। यह जानकारी साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने दी। थाना प्रभारी ने बताया कि एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तेलखारी जंगल में कुछ लोग साइबर ठगी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर एसपी ने साइबर थाना निरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया और तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। छापेमारी के दौरान आरोपियों को लोगों से ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गूगल एड के माध्यम से देश के नामी अस्पतालों का फर्जी अपॉइंटमेंट बुकिंग विज्ञापन बनाते थे। इसमें अपना फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज कराकर लोगों को झांसा देते और मोबाइल पर फर्जी अपॉइंटमेंट फाइल भेजकर साइबर ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *