खड़गपुर| पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चन्द्रकोना एक नम्बर अंचल के मनोहरपुर के खामारबेड़ा इलाके में मौजूद शीलावती नदी में लकड़ियों से लदा एक ट्रैक्टर गिर गया, जिससे ट्रैक्टर के चालक की मौत हो गई। मृतक का नाम जगन्नाथ पाल (42 वर्ष ) है। मालूम हो कि लकड़ियों से लदा ट्रैक्टर शीतावली नदी के किनारे से गुजर रहा था। गति अवस्था में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे शीलावती नदी में जा गिरा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह से ट्रैक्टर के चालक को बेहोशी की अवस्था में नदी से बाहर निकाला और अस्पताल लेकर गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच कर रही है। खड़गपुर| पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना अंतर्गत गंगुटिया मोड़ इलाके में हुए हादसे में मोटरसाइकिल से गिरकर दो युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए। मालूम हो कि दोनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गंगुटिया से खाकुरदा की ओर आ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे मोटरसाइकिल से छिटककर सड़क पर गिर गए और बुरी तरह से जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए बेलदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लेकर गई। दोनों युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं, इलाके के लोगों का कहना है कि सड़क की हालत खराब और जर्जर होने के कारण यह हादसा हुआ।


