भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय नवीन महाविद्यालय चिरको में राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक एम.एस. वर्मा की सेवानिवृत्ति पर एक भव्य विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने उनके दशकों लंबे सेवा काल और शैक्षणिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एम.एस. वर्मा और प्राचार्य एच.एल. दीवान द्वारा भारत माता एवं सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य दीवान ने वर्मा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव का धनी बताया। उन्होंने स्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को भी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रो. एस.एस. तिवारी ने वर्मा के साथ अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों और उनके समर्पण की चर्चा की। प्रो. रमेश कुमार देवांगन (धमतरी महाविद्यालय) ने लंबे समय तक साथ कार्य करने के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। लता भोई ने उन्हें समय का पाबंद और कनिष्ठों का मार्गदर्शक बताया। विदाई के इस भावुक क्षण में महाविद्यालय स्टाफ ने वर्मा को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं, एम.एस. वर्मा ने भी स्टील पोडियम स्मृति स्वरूप प्रदान किया। समारोह के दूसरे सत्र में कनिष्ठ छात्र-छात्राओं ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई दी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलों का आयोजन हुआ। महाविद्यालय ने उत्कृष्ट विद्यार्थी के रूप में करण कंसारी बीएससी अंतिम वर्ष और नूतन निषाद बीए अंतिम वर्ष को सम्मानित किया। एम.एस. वर्मा ने कहा कि इस महाविद्यालय में मिला सहयोग और सम्मान मेरी पूंजी है।


