स्मार्ट माता का हुआ सम्मान, क्योंकि ये अपने बच्चों की पढ़ाई पर दे रही हैं ध्यान

भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में जिला स्तरीय माता उन्मुखीकरण कार्यशाला एवं एफएलएन मेला का आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल के समीप स्कूल परिसर में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी सत्र 2026-27 में प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का स्वागत करना तथा उनके माता-पिता, विशेषकर माताओं और समुदाय को शिक्षा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। विशेष रूप से स्मार्ट माता की सहभागिता की गई, जिन्हें शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों को अपेक्षित दक्षताओं तक पहुंचाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर कई माताओं को सम्मानित किया गया। माताओं को घर पर बच्चों के लिए सीखने-सिखाने का अनुकूल वातावरण तैयार करने के उपाय भी बताए गए, जिससे बच्चों के कौशल का समग्र विकास हो सके। 25 अप्रैल को पढ़ाई तिहार मनाने के लिए 10 काउंटर लगाकर सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले बच्चों की शाला प्रवेश से संबंधित तैयारी कैसे करे इस संबंध में जानकारी शिक्षकों द्वारा दी गई। कार्यक्रम में माताओं को शिक्षा का महत्व बताया कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ माताओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों का पारंपरिक स्वागत किया गया। माता संवाद एवं प्रेरणा सत्र, बाल कला, गीत, खेल और कहानी जैसी शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा को उत्सव के रूप में मनाया गया। जरूरी जानकारी भी दी गई। समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत जिले में अंगना में शिक्षा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न अधिकारियों व नोडल अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के राजेश कौशिक, बीआरसी कन्हैयालाल साहू, बीआरपी नरेश कुमार सोनी सहित अन्य शिक्षा अधिकारियों ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जिले के प्रत्येक विकासखंड से एफएलएन स्टॉल लगाए गए, जिनमें संबंधित शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। अतिथियों के रूप में किरण चौबे, आशा पटवा, झामीन साहू, पार्वती राजेंद्र पाली व महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्यामलता साहू उपस्थित रहीं। माताएं अपने बच्चों के साथ रोचक खेल गतिविधियों में शामिल हुईं। अपने अनुभव भी बताए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *