केंद्र शासन की महत्वाकांक्षी योजना पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला भिरई में सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। विद्यालय में बच्चों को शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से यहां के विद्यार्थी जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। केंद्र शासन द्वारा विद्यालय को विभिन्न विधाओं में सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सभापति जिला पंचायत लक्ष्मी साहू रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुआ नृत्य, कर्मा, पंथी तथा राऊत नाचा जैसी लोक विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों में संस्कारों का समावेश हो मुख्य अतिथि लक्ष्मी साहू ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की गुणवत्ता और विद्यार्थियों में हो रहे सर्वांगीण विकास की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कारों का समावेश भी अत्यंत आवश्यक है। यदि हम शिक्षा और संस्कार दोनों का संतुलित विकास करें, तो आने वाली पीढ़ी एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण करेगी। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभाग और उपस्थितजनों की सराहना के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथियों में प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिरई पीके साहू, प्रधानपाठक सीएस राजपूत, अरुण साहू, नेहरूराम साहू, सरपंच सनत कुमार सिन्हा, धनश्याम देवदास, पूर्व छात्र संगठन अध्यक्ष लिकेश हिंदू रहे।


