देश-विदेश से लौटे एलुमनी, यादों के संग साझा की उपलब्धियां

भास्कर न्यूज़| लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस द्वारा एलुमनी मीट सांझ 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत लगभग 300 पूर्व छात्र अपने पुराने साथियों से मिलने और अपनी पेशेवर उपलब्धियों को साझा करने के लिए एकत्रित हुए। कॉलेज के डीन व एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए संस्थान की वेटरनरी शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार गतिविधियों में समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने युनिवर्सिटी की वैश्विक पहचान को मजबूत बनाने और भविष्य में सहयोग बढ़ाने में पूर्व छात्रों की अहम भूमिका पर जोर दिया। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने अपने संबोधन में पशु स्वास्थ्य, पशुधन विकास और जनस्वास्थ्य सेवाओं में पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वेटरनरी विज्ञान के क्षेत्र में नई चुनौतियों का सामना करने के लिए विश्वविद्यालय और उसके स्नातकों के बीच निरंतर संपर्क और सहयोग जरूरी है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में यूनिवर्सिटी ऑफ सास्काचेवान के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) डॉ. बलजीत सिंह गिल, रीमाउंट वेटरनरी सर्विसेज के महानिदेशक डॉ. ए.जे. सिंह और पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. परमदीप सिंह वालिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. केवल अरोड़ा ने डॉ. परमजीत कौर और डॉ. सिमरनप्रीत कौर के साथ मिलकर किया। कॉलेज के पूर्व छात्र और प्रसिद्ध गायक डॉ. वीर सुखवंत ने अपनी मधुर प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि भी दी गई और उनकी सेवाओं को याद किया गया। कार्यक्रम का समापन लोकगीत, नृत्य, नाटिकाओं और जोशपूर्ण भांगड़ा प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस सांस्कृतिक आयोजन ने पंजाब की समृद्ध विरासत को दर्शाते हुए पशुपालन विभाग की विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *