राजधानी में गर्मी से तापमान बढ़ा:कार्डियक इंस्टीट्यूट: गर्मी शुरू और कूलिंग बंद आईसीयू की एसी भी खराब, गर्मी से मरीज परेशान

राजधानी में लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। दिन में तेज धूप जल रही है। वहीं, राज्य के सबसे बड़े सरकारी अंबेडकर अस्पताल में मरीज भरी गर्मी में परेशान हो रहे हैं। प्रदेश के एकमात्र सरकारी दिल के अस्पताल एसीआई में मरीज गर्मी से हलाकान हो रहे हैं। यहां बीते कई माह से आईसीयू सहित कई वार्ड की सेंट्रलाइज्ड एसी खराब हो गई हैं। इसके चलते मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। वार्डों में तो मरीजों के परिजन खुद स्टैंड पंखे लगाकर मरीजों को आराम दे रहे हैं। उसी में मरीजों को राहत देने का प्रयास चल रहा है।राजधानी में तेजी से मौसम में बदलाव हो रहा है, दिन में भारी गर्मी पड़ रही है। इसके बाद भी यहां अब तक एयर कंडीशनर में सुधार नहीं किया गया है। मेकाहारा की भी यही स्थिति: गर्मी शुरू होने के बावजूद अंबेडकर अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी यही हाल है। यहां लगे कूलर भी बंद पड़े हैं। कई वार्डों में तो कुछ पंखे भी बंद हैं। मरीज गर्मी से परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा मरीजों के परिजनों के रुकने के लिए भी यहां कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते वे भी मजबूरन इस भरी दोपहरी में पेड़ की छांव के नीचे या अस्पताल के बरामदे में ही दिन बिता रहे हैं। भास्कर लाइव – नर्सिंग स्टाफ ने अपने लिए लगाया पंखा एसी नहीं चलने की शिकायत पर भास्कर की टीम एडवांस कार्डियक इंस्टिट्यूट पहुंची। जनरल वार्ड में एसी बंद था, मरीज पंखे के सहारे थे। यहां करीब 5 मरीज थे। टीम एसीआई के आईसीयू में पहुंची तो यहां भी सेंट्रलाइज्ड एसी खराब था। मरीज गर्मी से हलाकान हो रहे थे। मरीजों के परिजन ने उनके लिए पंखे लगाए थे। यहां करीब 8 मरीज भर्ती थे। आईसीयू के अंदर नर्सिंग स्टाफ केबिन में भी स्टाफ ने भी अपने लिए पंखा लगाया था। इससे ही पता चलता है कि यहां की स्थिति कितनी खराब है। दर्द: घर से मंगाया पंखा, तब राहत हार्ट ब्लॉकेज का इलाज कराने आए संजय जैन ने बताया कि, 3 दिन से वह अस्पताल में भर्ती हैं। अब उनकी छुट्टी भी होने वाली है। लेकिन अस्पताल के आईसीयू की एसी खराब है। मरीज गर्मी में दिन काटते हैं। मैंने तो अपने बेटे से पंखा मंगाया था। तब जाकर मुझे शांति मिली। सीधी बातचीत – डॉ. संतोष सोनकर अधीक्षक, अंबेडकर अस्पताल जानकारी मिली है, जल्द ही व्यवस्था को ठीक किया जाएगा Q. अस्पताल के कार्डियक इंस्टीट्यूट के आईसीयू की एसी खराब है?
इसकी जानकारी मिली है। उसे ठीक कराया जा रहा है। Q. अन्य वार्डों में भी कूलर और पंखे बंद हैं?
गर्मी को देखते हुए सभी वार्ड के पंखे-कूलर को ठीक करने कहा जा चुका है। Q. गर्मी में मरीज खुद पंखे लाकर राहत पा रहे हैं?
गर्मी में पंखे का उपयोग कर रहे हैं।समस्या का जल्द निराकरण किया जाएगा। इधर, हीट वेव अलर्ट जिला अस्पताल में हीट स्ट्रोक रूम, न्यू आइस मेकिंग मशीन शहर में संभावित हीट वेव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। रायपुर का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसलिए लोगों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। हीट वेव से पीड़ित लोगों के बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पंडरी में विशेष व्यवस्था की गई है। इससे आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत और प्रभावी इलाज मिल सकेगा। हाल ही में कलेक्टर जिला अस्पताल पहुंचे थे। वहां इलाज के लिए कुछ कमियों को लेकर वहां के लोगों से नाराज भी हुए थे। कुछ लोगों को नोटिस भी जारी की गई थी। इसके बाद ही तय किया गया था हीट वेव की स्थिति में जिला अस्पताल में खास व्यवस्था की जाए। अस्पताल परिसर में विशेष रूप से हीट स्ट्रोक रूम बनाया गया है। यहां लू से बीमार लोगों के लिए अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं। मरीजों के शरीर का तापमान तेजी से कम करने दो विशेष बाथ टब लगाए गए हैं। इसमें ठंडे पानी और बर्फ की मदद से इमर्सन कूलिंग की जा सकेगी। बाथ टब के लिए बर्फ आसानी से उपलब्ध हो सके इसके लिए न्यू आइस मेकिंग मशीन भी लगाई गई है। बताया जा रहा है कि लू मरीजों को बेहतर इलाज के लिए इस तरह की व्यवस्था पहली बार की गई है। इससे गंभीर मरीजों को तत्काल ठंडा उपचार मिल सकेगा। चिकित्सा स्टाफ को भी जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *