हनुमानगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर को विभागीय पदोन्नति के तहत सीनियर स्केल से सिलेक्शन स्केल में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति हुई है। सोमवार को एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने जनेश तंवर की वर्दी पर अशोक स्तंभ के साथ स्टार लगाकर उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। जनेश तंवर का पुलिस सेवा में करियर काफी प्रेरणादायक रहा है। वे 1991 में एसआई के पद पर भर्ती हुए थे और उसके बाद विभिन्न थानों में थाना अधिकारी के रूप में कार्य किया। एसआई रहते हुए उन्होंने बानसूर, एमपीए अलवर, मुंडावर, सदर अलवर, तिजारा सहित कई थानों में अपनी सेवा दी। इसके बाद आरपीएस के रूप में एसओजी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बहरोड़, दूदू और कामां में सीओ के रूप में भी कार्य किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनने के बाद जनेश तंवर ने सिविल राइट्स, अभय कमांड कमिश्नरेट जयपुर और हनुमानगढ़ मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली। मात्र सात वर्षों में सन 1998 में एसआई से निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले तंवर 2015 में निरीक्षक से आरपीएस और 2021 में सीओ से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बने। उनकी कार्यशैली ने उन्हें कई महत्वपूर्ण अभियानों में सफलता दिलाई। तिजारा में गौकशी और गौ तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, गुर्जर आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और टुंडा गैंग का पर्दाफाश करना उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है। जनेश तंवर ने अपने संपूर्ण करियर में प्रभावी अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया है।


