भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर के वार्ड नंबर 33 स्थित कैनाल कॉलोनी में सोमवार को होलिका दहन का पावन पर्व मनाया गया। इस समारोह का आयोजन समाजसेवी नीलम कांडा और बलदेव कांडा द्वारा किया गया, जिसमें अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव मनाया। जनसमूह को संबोधित करते दिनेश बस्सी ने कहा कि होलिका दहन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारे भीतर के अहंकार और समाज की बुराइयों को भस्म करने का दिन है। इतिहास गवाह है कि हिरण्यकश्यप जैसा अहंकार कभी नहीं टिकता। भक्त प्रह्लाद की जीत हमें सिखाती है कि जिसके पास सत्य और विश्वास है, उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि राजनीति और समाजसेवा में मेरा मानना है कि सच्चाई का रास्ता कठिन हो सकता है, लेकिन जीत हमेशा उसी की होती है जो सच का साथ देता है। मौके पर वंश बस्सी, हरजीत सिंह ठेकेदार, राणा रखड़ा, राजबीर राजू, संदीप शाह, लकी राजपूत, बिट्टू इंदिरा, जोरावर सिंह, युवराज मजीठिया सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व उपस्थित रहे।


