जगराओं में सोमवार को नगर कौंसिल प्रधान जतिंदरपाल राना के नेतृत्व में शहर के कई पार्षदों ने एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से मुलाकात की। पार्षदों ने एसएसपी को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और शहर की समस्याओं पर चर्चा की। गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे नशेड़ी वार्ड नंबर 6 के पार्षद जरनैल सिंह लोहट और वार्ड 10 के पार्षद रमेश कुमार मेषी ने नशे की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि उनके वार्डों में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। नशे के कारण युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर जा रही है। नशेड़ी एक ही सिरिंज का इस्तेमाल कर गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। ट्रैफिक की समस्या का मुद्दा उठाया पार्षद अमन कपूर और हिमांशू मलिक ने ट्रैफिक की समस्या को उठाया। उन्होंने बताया कि कुक्कड़ चौक से रेलवे पुल तक का पांच मिनट का रास्ता ट्रैफिक जाम के कारण 30 मिनट में तय होता है। सब्जी मंडी रोड, लाजपत राय रोड, नेहरू मार्केट लिंक पर भी भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। एसएसपी ने दिया आश्वासन एसएसपी ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने पार्षदों से तस्करों की जानकारी मांगी। एसएसपी ने कहा कि नशा करने वालों का इलाज कराया जाएगा और बेचने वालों को जेल भेजा जाएगा। नशे से कई युवाओं की मौत वार्ड 10 के पार्षद ने बताया कि उन के वार्ड में कई युवाओं की नशे के कारण मौत हो चुकी है। सोमवार को भी एक युवक नशे की भेट चढ़ गया। हालाकि कौंसिल प्रधान व पार्षद ने पुलिस की गांव नारंगवाल व रामगढ़ में की गई कार्रवाई की प्रशंसा भी की है। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में कौंसिल प्रधान राना के अलावा पार्षद विक्रम जस्सी, पूर्व वाइस प्रधान दविंदरजीत सिंधू, एडवोकेट अंकुश धीर, पूर्व पार्षद डॉ. इकबाल सिंह धालीवाल, रोहित गोयल और संजीव कक्कड़ मौजूद थे।


