भास्कर न्यूज | जालंधर एनआरआई कस्बा नूरमहल में पिछले दो दशकों से लटकी सरकारी स्कूल की नई बिल्डिंग की योजना पूरी हो सकेगी। राज्य सरकार ने ऐतिहासिक नूरमहल की सराय से बाहर शिफ्ट हुए स्टूडेंट्स के लिए नई आधुनिक बिल्डिंग के निर्माण की योजना मंजूर कर दी है। इस पर 14.64 करोड़ रुपए खर्च होंगे। लोकनिर्माण विभाग का टेंडरिंग प्रोसेस आरंभ हो गया है। स्कूल के पास ट्रैफिक को देखते हुए पीडब्ल्यूडी यहां विशेष सेफ्टी जंक्शन भी डिजाइन करेगा। स्कूल की इमारत ग्राउंड फ्लोर के साथ दो मंजिला होगी। जिसमें 30 से ज्यादा स्मार्ट क्लासरूम होंगे। आधुनिक लैब, साइंस, कंप्यूटर और वोकेशनल ट्रेनिंग के लिए अलग से हाई-टेक लैब बनाई जाएंगी। नगर कौंसिल ने स्कूल के लिए 14 कनाल जमीन दी है। टाइमलाइन 2006: पुरातत्व विभाग ने ऐतिहासिक सराय में चल रहे स्कूल को खाली करने का नोटिस दिया। 2016: नई बिल्डिंग की नींव रखी गई। लेकिन बजट की कमी से काम रुक गया। 2023: मानवाधिकार आयोग में मामला पहुंचा। आयोग ने रुकी योजना का संज्ञान लिया। 2026: कदम आगे बढ़ा। राज्य सरकार ने बजट जारी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की। इधर… चक्क जिंदा स्कूल की योजना लंबित शहर में नगर निगम की सीमा के अंदर चक्क जिंदा में पूर्व सरकार के समय नए स्कूल के लिए जमीन अलॉट हुई थी। यहां पर इमारत का निर्माण लंबित है। इस इलाके में इकलौता प्राइमरी स्कूल छोटी-सी इमारत में चलता है, जहां खेल मैदान नहीं है। कमरे छोटे हैं। इस कारण बढ़ी आबादी के अनुसार बच्चों के बैठने के लिए जगह कम है। लोगों को योजना का इंतजार है।


