छात्रों ने बनाए 60+ वर्किंग मॉडल, जटिल सिद्धांतों को किया सरल

भास्कर न्यूज| महासमुंद राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/ हिंदी माध्यम स्कूल, तुमगांव में विज्ञान की अद्भुत छटा देखने को मिली। इस कार्यक्रम में नन्हे वैज्ञानिकों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी सोच से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल के विद्यार्थियों ने विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को सरल बनाने के लिए कुल 60 से अधिक वर्किंग मॉडल तैयार किए। इस दौरान प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में भूकंप डिटेक्टर, मिनी रोबोट, और कार्बन डिटेक्टर। खगोल विज्ञान के क्षेत्र में चंद्रमा और पृथ्वी की विभिन्न कलाएं, सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण के जीवंत मॉडल शामिल रहे। जीव विज्ञान और दैनिक उपयोग में मानव हृदय का मॉडल, इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप, वाटर कूलर और इलेक्ट्रिक बेल छात्रों ने प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने न केवल मॉडल प्रदर्शित किए, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली को भी विस्तार से समझाया। विशेष रूप से भूकंप डिटेक्टर और मिनी रोबोट ने आगंतुकों का विशेष ध्यान खींचा। इन प्रयोगों ने छात्रों की व्यावहारिक समझ और हाथों से सीखने की क्षमता को बखूबी दर्शाया। इस भव्य प्रदर्शनी ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि सही मार्गदर्शन मिले, तो छोटे शहरों के बच्चे भी भविष्य के बड़े वैज्ञानिक बन सकते हैं। इस मौके पर आई एल साहू, सत्यदेव गेंद्रे, तिलक शर्मा, रेवती रमन तारक, कामता प्रसाद साहू, रोहित लहरें, देवेश कुमार, ज्योति सिंह, हेमलता साहू, कुसुम कुजूर, सविता ध्रुव सहित अन्य मौजूद थे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य देवेंद्र अगलावे ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हमें महान वैज्ञानिक सर सीवी रमन की याद दिलाता है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान भरना नहीं, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है। पीएम श्री योजना के तहत हमारा विद्यालय नवाचार और बेहतर शिक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *