होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाने में करें सहयोग: कलेक्टर

भास्कर न्यूज | धमतरी होली पर्व को सौहार्द्रपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील करते हुए धमतरी के कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संदेश जारी किया। उन्होंने रंगों के इस त्यौहार को उत्साह, खुशी और शांति के साथ मनाने का आग्रह किया। उन्होंने जिलेवासियों को अन्य त्योहारों के दौरान दिखाई गई सावधानी और सहयोग की सराहना कर होली-धुलंडी जैसे त्योहारों को भी इसी भावनात्मक और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ मनाने की सलाह दी। उन्होंने भीड़-भाड़ से बचने और दूसरों को किसी भी प्रकार की असुविधा न पहुंचाने का सुझाव दिया। साथ ही, रंगों के नाम पर ग्रीस या पेंट जैसे पदार्थों का उपयोग न करने की हिदायत दी। कहा कि पर्व को सुरक्षा और भाईचारे का संदेश देते हुए मनाया जाए। एसपी सूरज सिंह परिहार ने भी नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर 3 सवारी न चलाने का निर्देश दिया। प्रेशर हार्न वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की बात कही। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे जैसे उपकरणों पर निर्धारित समय सीमा और मापदंडों के विपरीत उपयोग पर प्रतिबंध जारी रहने की सूचना दी। होली दहन के समय चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग भी करेगी। हर्बल गुलाल के उपयोग को बढ़ावा दिया: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हर्बल गुलाल के उपयोग को बढ़ावा देकर अपने परिवार के साथ सुरक्षित तरीके से होली मनाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं हर्बल गुलाल तैयार करने में लगी हुई हैं। इन हर्बल उत्पादों में फूलों के रंग और महक का प्रयोग किया गया है, जो पूरी तरह केमिकल-मुक्त हैं। त्वचा के लिए सुरक्षित हैं। इससे त्योहार के दौरान लोगों को कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है। ये हर्बल गुलाल स्थानीय बाजारों में वाजिब कीमतों पर उपलब्ध होंगे। अपने संदेश में कलेक्टर ने पड़ोस के जिलों में भी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए हर्बल रंग और गुलाल की विशेषताओं को बताया। उन्होंने लोगों को इसे अपनाने की सलाह दी, क्योंकि यह स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *