भास्कर न्यूज | धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी शुरू हो चुकी है। चना खरीदी के लिए चारों ब्लाक में 11 केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों में पूजा-अर्चना कर चना खरीदी का शुभारंभ किया गया। पहले दिन सिर्फ भखारा समिति में चना खरीदा गया। यहां मात्र 3.50 क्विंटल के चने की खरीदी हुई है। किसानों ने 20 हजार 562 रुपए का चना बेचा है। रबी सीजन में जिले में 19 प्रकार की फसलें लगाई गई है। गेंहू के लिए 800 एकड़ हेक्टेयर निर्धारित किया गया, जिसके मुकाबले 1400 हेक्टेयर में फसल किसानों ने लगाई थी। जानकारी के मुताबिक चना बेचने के लिए अब तक 4 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों का पंजीयन पूर्व में 28 फरवरी तक होना था। अब इसकी तारीख बढ़ाकर 31 मार्च तक कर दिया गया है। किसानों को अब पंजीयन के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मिल गया है। जिले में इस साल 50 हजार क्विंटल चना खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। बीते साल 20840.50 क्विंटल चने की खरीदी हुई थी। पहले दिन चना खरीदी के पूर्व किसानों की पूजा आरती की गई। भखारा में चना बेचने वाले किसानों का फूलमाला से स्वागत किया गया। इसके बाद चने की खरीदी की गई। इसके अलावा तरसींवा, लोहरसी, छाती, कातलबोड़, कुरूद, मगरलोड, नगरी, सलोनी, बोरसी और संबलपुर में किसान चना बेचने नहीं पहुंचे। केंद्रों में किसान चना बेचने नहीं पहुंचे। 30 मई तक बेच सकेंगे फसल: सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी बलरामपुरी गोस्वामी ने बताया कि चना की खरीदी शुरू हो चुकी है। जिले में चना, मसूर, सरसों की खरीदी की जानी है। चने का समर्थन मूल्य 5875, मसूर का समर्थन मूल्य- 7000 और सरसों को 6200 रुपए समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। समय पर होगा भुगतान: डीएमओ सुनील सिंह राजपूत ने कहा कि चने की खरीदी के बाद किसानों को समय पर भुगतान किया जाएगा। एनसीसीएफ के माध्यम से किसानों का चना खरीदा जा रहा है।


