सवाई माधोपुर में होलिका को पहनाया चश्मा:अलग-अलग मुहूर्त में हुआ होलिका दहन, आज चंद्र ग्रहण-सूतक; धुलंडी कल

सवाई माधोपुर शहर में इस बार होलिका को चश्मा पहनाकर विशेष सजावट की गई और अलग-अलग मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में शाम 6:30 बजे से रात 9:00 बजे तक होलिका दहन हुआ, जबकि कुछ स्थानों पर रात करीब डेढ़ बजे भी होलिका दहन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से हुआ दहन सवाई माधोपुर शहर, बजरिया, आलनपुर, हाउसिंग बोर्ड और खेरदा सहित विभिन्न मोहल्लों व गलियों में लोगों ने पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से होलिका दहन किया। शहर के गीता भवन क्षेत्र में होलिका अलग ही अंदाज में नजर आई। यहां होलिका दहन से पहले विशेष सजावट की गई और होलिका को काला चश्मा पहनाया गया। महिलाओं ने पूजा की थाली सजाई, बच्चों ने रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर उत्साह से त्योहार मनाया और बुजुर्गों ने परंपरा अनुसार अग्नि की परिक्रमा की। हर गली और चौराहे पर लकड़ियों और उपलों से सजी होलिका के पास लोग परिवार सहित पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और ढोल की धुन पर लोग झूमते नजर आए। शहर का माहौल पूरी तरह होली के रंग में रंगा दिखाई दिया। 4 मार्च को मनाई जाएगी धुलंडी इस बार होली के अगले दिन 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और सूतक काल का प्रभाव रहेगा। इसी कारण रंगों का त्योहार धुलंडी 3 मार्च को नहीं मनाया जाएगा। अब धुलंडी 4 मार्च को मनाई जाएगी। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल में शुभ कार्य नहीं किए जाते, इसलिए प्रशासन और धर्माचार्यों ने भी लोगों से निर्धारित तिथि पर ही रंग खेलने की अपील की है। सवाई माधोपुर में होली की PHOTOS..

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *